खेल विभाग की ओर से आयोजित ओपन बालक वर्ग की राज्य स्तरीय आमंत्रण फुटबाल टूर्नामेंट के तीसरे दिन कई टीमों ने क्वार्टर फाइनल में दमखम दिखाया। बृहस्पतिवार को चंपावत व देहरादून हॉस्टल, पौड़ी व देहरादून के बीच सेमीफाइनल मुकाबले होंगे।
कंडोलिया मैदान में आयोजित टूर्नामेंट का पहला मैच पौड़ी व पिथौरागढ़ के बीच हुआ। पहले हाफ में पौड़ी टीम से गौरव नेगी ने पहला गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। पिथौरागढ़ टीम से अमन ने एक गोल कर टीम को बराबरी के स्कोर पर पहुंचा दिया। अंत में मैच का परिणाम पेनल्टी शूट आउट से करना पड़ा जिसमें पौड़ी ने पिथौरागढ़ को 5-4 से हराकर मैच जीत लिया। दूसरा मैच चंपावत और कोटद्वार के बीच खेला गया। इसका परिणाम भी पेनल्टी शूट आउट से हुआ जिसमें चंपावत की टीम ने मैच 3-1 से जीता। तीसरा मैच देहरादून व नैनीताल के बीच खेला गया। देहरादून की टीम शुरू से ही नैनीताल की टीम पर भारी रही जिसमें देहरादून ने 3 गोल कर यह मैच एकतरफा जीत लिया। चौथे मैच में देहरादून हॉस्टल ने उत्तरकाशी को 6-5 से हराया। डीएसओ अनूप बिष्ट ने बताया कि बृहस्पतिवार (आज) चंपावत व देहरादून हॉस्टल और पौड़ी व देहरादून के बीच सेमीफाइनल मुकाबले होंगे। इसके बाद फाइनल मैच खेला जाएगा। रविंद्र भंडारी, सत्यदेव सिंह, दीपक चंद्र जोशी, सुरेंद्र सिंह, चंद्रमोहन उनियाल, सुनील रावत, आशीष कुमार, योगेश कुमार, विनोद कुकरेती निर्णायक रहे।