एचएनबी गढ़वाल (केंद्रीय) विवि के फार्मास्यूटिकल साइंस में तैनात सेमल्टी दंपती के दो ऑनलाइन पाठ्यक्रमों को ‘स्वयम पोर्टल’ पर पुर्न: संचालन के लिए अनुमति मिली है। सेमल्टी दंपती के ऑनलाइन पाठ्यक्रमों को पहली बार वर्ष 2019 में स्वयम के लिए चयनित किया गया था। तब से लगातार 8 बार इन कोर्सों का चयन किया हो चुका है।
यूजीसी (विश्वविद्यालय अनुदान आयोग) की ओर से ‘स्वयम पोर्टल’ पर 28 मई को स्नातक स्तर के 83 व स्नातकोत्तर स्तर के 40 ऑनलाइन पाठ्यक्रमों की सूची जारी की गई है। इन पाठ्यक्रमों के लिए पंजीकरण भी शुरू हो गए हैं। ऑनलाइन पाठ्यक्रम जुलाई 2021 से प्रारंभ होंगे। इस सूची में गढ़वाल विवि के शिक्षक डा. अजय सेमल्टी व डा. मोना सेमल्टी की ओर से बनाए गए ऑनलाइन कोर्स अकेडमिक राइटिंग और इंडस्ट्रियल फार्मेसी को भी शामिल किया गया है। उक्त दोनों पाठ्यक्रम स्वयम पोर्टल पर जुलाई माह से शुरू होंगे। डा. सेमल्टी ने बताया कि यह दोनों कोर्स केंद्र सरकार के ‘स्वयम पोर्टल’ के लिए गढ़वाल विश्वविद्यालय के पहले ऑनलाइन पाठ्यक्रम हैं। एकेडमिक राइटिंग कोर्स में चार चरणों में 95 से भी अधिक देशों के 35 हजार से भी अधिक छात्र पंजीकृत हुए हैं, जो कि एक बड़ी उपलब्धि है।
क्या है स्वयम पोर्टल
स्वयम पोर्टल केंद्र सरकार के शिक्षा विभाग और अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा विभाग परिषद की ओर से विकसित किया गया है। इस पोर्टल पर वर्तमान में 2 हजार कोर्स संचालित हो रहे हैं। कक्षा 9वीं से पीजी तक के सभी पाठ्यक्रम यहां मुफ्त संचालित होते हैं। स्वयम एक ऐसा प्लेटफार्म है, जिसमें 24 घंटे कोई भी छात्र पढ़ाई कर सकता है।