नगर पंचायत कीर्तिनगर के जाखणी मोहल्ले के लोगों ने अलकनंदा नदी किनारे बाढ़ सुरक्षा दीवार का निर्माण कार्य बंद होने पर आक्रोश व्यक्त किया है। एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए लोगों ने जल्द निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की।
सोमवार को प्रभावितों के साथ तहसील मुख्यालय पहुंचे उक्रांद के विधानसभा संयोजक रंजन रतूड़ी ने कहा कि वर्ष 2013 की आपदा से बस्ती में स्थित सरस्वती शिशु मंदिर, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग व वन विभाग के कार्यालय भवन आदि क्षतिग्रस्त हो गए थे। जबकि कई लोगों के मकान खतरे की जद में आ चुके थे। जनता की मांग पर सरकार की ओर से जाखणी के पास अलकनंदा नदी किनारे बाढ़ सुरक्षा दीवार का निर्माण कार्य स्वीकृत करवाया गया, लेकिन विगत चार माह से यह निर्माण कार्य ठप पड़ा है। जिस कारण बस्ती के लोगों को आए दिन नदी का खतरा बना हुआ है। रतूड़ी ने कहा कि अगर शीघ्र सुरक्षा दीवार का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो वहां रखी गई निर्माण सामग्री भी नष्ट हो जाएगी। जबकि दीवार निर्माण के लिए की गई खुदाई से बस्ती को भी भारी खतरा हो सकता है। इस मौके पर पूर्व प्रमुख विजयंत सिंह निजवाला, सतेंद्र भट्ट, सुंदरमणि, जयकृष्ण खंडूडी, चिरंजीव पुंडीर, अर्जुन भंडारी, करण सिंह भंडारी आदि मौजूद थे।