पौड़ी। गर्मी शुरू होने के साथ ही जिला अस्पताल में मौसमी बीमारियों के पीड़ितों की संख्या भी बढ़ने लगी है। जिला अस्पताल में रोज 50 से 60 मरीज खांसी, जुकाम व बुखार से पीड़ित पहुंच रहे हैं। बच्चों में भी मौसमी बीमारियां देखने को मिल रही हैं। जिला मुख्यालय व आसपास के क्षेत्रों से इन दिनों मौसमी बीमारियों के मरीज जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं। शुक्रवार को जिला अस्पताल की सामान्य ओपीडी 200 के पार रही, जो सामान्य दिनों के सापेक्ष 50 से 60 अधिक है।
जिला अस्पताल में फिजिशियन व बाल रोग विशेषज्ञ की ओपीडी में मरीजों की संख्या काफी रही। फिजिशियन डॉ. सुनील शर्मा ने बताया कि इन दिनों अस्पताल में मौसमी बीमारियाें से पीड़ित पहुंच रहे हैं। जिसमें अधिकांश बुखार, खांसी, जुकाम, पेट व कमर दर्द के शामिल हैं। डॉ. शर्मा ने बताया कि मौसम में बदलाव के चलते इस प्रकार की बीमारियां होना आम बात है। वहीं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. हितेन जगपांगी की ओपीडी में छाती में जकड़न, भूख न लगना व खांसी-बुखार से पीड़ित शिशु पहुंच रहे हैं।