व्यापार सभा श्रीकोट ने कोरोना संक्रमण से बचाव के नाम पर बार-बार बाजार बंद न कराने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि बाजार बंद होने के बावजूद सारी गतिविधियां चलती हैं। ऐसे में बचाव नहीं होता है, सिर्फ व्यापारियों का नुकसान होता है।
सोमवार को व्यापार सभा श्रीकोट के अध्यक्ष नरेश नौटियाल और महामंत्री त्रिभुवन राणा ने उप जिलाधिकारी से वार्ता कर व्यापारियों की समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि प्रशासन के आदेश पर 4 से 6 सितंबर तक बाजार बंद रहा। इससे पूर्व व्यापार सभा के आह्वान पर व्यापारियों ने तीन दिन तक दुकानें बंद रखी। इससे व्यापारियों के समक्ष रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। बीमारी से बचने के लिए बाजार बंद करना कोई हल नहीं है। उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र या दुकान में कोई पॉजिटिव आए, सिर्फ उसी जगह को सील किया जाए, न कि पूरा बाजार।