पौड़ी। गढ़वाल वन प्रभाग के तहत नागदेव रेंज पौड़ी के एक गांव में एक ग्रामीण ने बिना अनुमति के ही हरे पेड़ाें पर आरी चला दी। वन विभाग के मुताबिक ग्रामीण ने अपने नाप खेतों में चीड़ समेत कुछ अन्य छूट प्रजाति के 16 पेड़ों को काट डाला। वन विभाग ने राजस्व पुलिस के साथ निरीक्षण कर ग्रामीण के खिलाफ वन अपराध धारा लगाने के साथ ही 25 हजार का जुर्माना भी लगाया है। इतना ही नहीं विभाग ने ग्रामीण से 10 हजार जुर्माने की वसूली भी कर ली है।
रेंज के डांग गांव में वन विभाग को एक ग्रामीण द्वारा पेड़ों पर आरी चलाने की शिकायत मिली थी। जिस पर वन विभाग की टीम ने राजस्व पुलिस के साथ मिलकर निरीक्षण किया। जांच में ग्रामीण के नाम खेत में पेड़ काटे जाने की पुष्टि हुई है। वन क्षेत्राधिकारी नागदेव रेंज पौड़ी दिनेश चंद्र नौटियाल ने बताया कि डांग गांव निवासी गौतम नेगी ने अपने नाम खेत में बीते दिनों चीड़ के पांच पेड़ काटे हैं। जिसकी अनुमति वन विभाग से नहीं ली गई है। उन्होंने नामखेत से छूट प्रजाति की सुरई के 16 पेड़ भी काटे हैं। बताया कि चीड़ के पेड़ नाम भूमि पर होने के बावजूद भी उन्हें काटने की अनुमति लेना जरूरी है। लेकिन ग्रामीण द्वारा अनुमति नहीं ली गई। बताया कि राजस्व उपनिरीक्षक नीमा व वन दरोग कमल नेगी की टीम ने स्थल का निरीक्षण कर पेड काटे जाने की पुष्टि की है। जिससे 25 हजार का जुर्माना वसूला गया।