पौड़ी। 38वें राष्ट्रीय खेलों के अंतर्गत पौड़ी जिले के बीरोंखाल ब्लॉक का युवा खिलाड़ी वॉलीबाल में राज्य का प्रतिनिधित्व करेगा। राज्य में आयोजित हो रहे राष्ट्रीय खेलों के तहत बीरोंखाल ब्लॉक के सौरभ का चयन बीच (रेत) वॉलीबाल के लिए हुआ है। सौरभ सेटर/फिटर विधा में एक अन्य खिलाड़ी के साथ जोड़ी बनाकर खेलेंगे। बीच वॉलीबाल मैच तीन फरवरी से शुरू होंगे।
जनपद के दूरस्थ विकासखंड बीरोंखाल के जिवाई गांव निवासी सौरभ जुयाल राष्ट्रीय स्तर की बीच वॉलीबाल टूर्नामेंट में प्रदर्शन के लिए तैयार है। विद्यालय स्तर से वॉलीबाल में रुचि रखने वाले सौरभ को 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड बीच वॉलीबॉल टीम के प्रतिनिधित्व की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सौरभ जुयाल का चयन रुद्रपुर में आयोजित स्टेट ओलंपिक गेम्स में सफल ट्रायल के बाद हुआ। सौरभ जुयाल सेटर/फिटर विधा में एक अन्य खिलाड़ी के साथ जोड़ी बनाकर खेलेंगे।
दो खिलाड़ियों की टीम में सौरभ पौड़ी जिले से बीच वॉलीबाल के इकलौते खिलाड़ी हैं।
जिला खेल विभाग में वॉलीबाल कोच अभिषेक घिल्डियाल ने बताया कि बीच वॉलीबाल कोट के बजाय रेत में खेली जाने वाली खेल विधा है। सामान्य वॉलीबाल टीम में 12 खिलाड़ी होते हैं। लेकिन बीच वॉलीबाल टीम में दो खिलाड़ी ही खेलते हैं। बताया बीच वॉलीबाल के मैच तीन फरवरी से ऋषिकेश में आयोजित होने हैं। राष्ट्रीय खेलों में सौरभ की नजर गोल्ड पर है। इसके लिए सौरभ को बेहतर तैयारी के साथ कड़ी मेहनत भी करवाई जा रही है।
सौरभ ने पांच महीने श्रीनगर स्टेडियम में की जमकर तैयारी
राष्ट्रीय खेलों को लेकर सौरभ ने करीब पांच महीने तक श्रीनगर स्थित श्रीकोट स्टेडियम में कड़ी मेहनत की। वह इन खेलाें में उत्कृष्ट प्रर्दशन के लिए तैयार हैं। कोच अभिषेक घिल्डियाल ने बताया कि सौरभ 2022 में उत्तराखंड यूथ नेशनल खेल चुका है। इससे उसे 38वें राष्ट्रीय खेल में जरूर लाभ मिलेगा। बताया कि पूरे प्रदेश में बीच वॉलीबाल के मात्र चार खिलाड़ी राष्ट्रीय खेलों में हिस्सा ले रहे हैं।