संवाद न्यूज एजेंसी
पौड़ी। ब्लॉक की बीडीसी बैठक में जनप्रतिनिधियों ने सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य आदि की समस्याएं सदन में उठाई। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों द्वारा समस्याओं के निस्तारण पर गंभीरता नहीं दिखाने पर नाराजगी जताई।
शुक्रवार को पौड़ी ब्लॉक सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख दीपक खुकसाल ने की। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न क्षेत्र में वर्षा से सड़कों के पुश्ते टूटने, पेयजल लाइनों के क्षतिग्रस्त होने से पैदा होते हालातों को सदन में उठाया। ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष कमल रावत ने कहा कि कई क्षेत्रों में बिजली की लाइनों से खतरा बना हुआ है। वहीं उन्होंने निर्माणाधीन ल्वाली झील के निर्माण कार्य पर सवाल खड़े किए। कहा कि झील न होकर एक तरफ से चैक डैम जैसा ही बन रहा है। इस मामले में जल्द ही एक प्रतिनिधि मंडल डीएम से मिलकर कमेटी में जनप्रतिनिधियों को शामिल करने की मांग करेगा। जनहित से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए ब्लॉक प्रमुख ने विभागीय अधिकारियों को तय समय के भीतर जनहित से जुड़ी समस्याओं के निस्तारण करने के निर्देश दिए। बैठक में परियोजना निदेशक एसके राय, खंड विकास अधिकारी दिनेश नेगी आदि शामिल रहे।