श्रीनगर। विकास खंड कीर्तिनगर के खोला-सील-कपरोली मोटर मार्ग निर्माण का मलबा बस्ती के ऊपर डाले जाने पर ग्रामीणों ने आक्रोश है। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से निर्माण कार्य का मलबा डंपिंग जोन में डालने की मांग की है।
लोक निर्माण विभाग कीर्तिनगर की ओर से खोला गांव से सील गांव के लिए करीब 175.74 लाख की लागत से पांच किमी सड़क का निर्माण शुरू किया गया है। मार्ग खोला गांव के ऊपर से गुजर रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि ठेकेदार की ओर से मार्ग निर्माण का मलबा डंपिंग जोन में नहीं डाला जा रहा है। मलबा और बोल्डर गांव के पीछे गिर रहा है।
उन्होंने बताया कि सबसे अधिक खतरा उदय सिंह, गबर सिंह महर, उत्तम सिंह डुंगरियाल, जटे सिह रतूड़ी, करण सिंह, विक्रम सिंह व मोर सिंह के भवनों को है। ग्रामीण बीरबल सिंह ने लोक निर्माण विभाग से मलबे को डंपिंग जोन में डालने, बस्ती के पीछे गिरे मलबे का निस्तारण करने और मोटर मार्ग का निर्माण मानकों के अनुरूप किए जाने की मांग की है। ग्रामीणों ने ऐसा न किए जाने पर विभाग के खिलाफ आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।
-निर्माण कार्य का मलबा डंपिंग जोन में ही डाला जाएगा। हो सकता है कि निर्माण के दौरान कुछ मलबा गिर गया होगा। आवासीय बस्ती की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाएगा। ठेकेदार को भी निर्माण कार्य में सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। डीपी आर्य, अधिशासी अभियंता लोनिवि कीर्तिनगर।