गढवाल विवि मे शनिवार से शुरू होने वाली परीक्षा का पूर्वाभ्यास करती विवि प्रशासन की टीम
- फोटो : SHRINAGAR
सेमेस्टर परीक्षाओं की तैयारियों को परखने के लिए गढ़वाल केंद्रीय विवि के बिड़ला परिसर में रिहर्सल (पूर्वाभ्यास) की गई। शनिवार से शुरू होने वाली परीक्षाओं को देखते हुए विवि के कुलसचिव प्रो. एनएस पंवार, चौरास परिसर निदेशक प्रो. डीपी सकलानी और पर्यवेक्षक प्रो. वाईपी रैवानी ने भी चौरास परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। शिक्षकों, नियंता मंडल और अन्य अधिकारियों ने भी परीक्षार्थियों के आवागमन, बैठने, प्रवेश पत्र देखने और प्रश्न पत्र बांटने का अभ्यास कर कमियों को दूर किया।
शनिवार 19 सितंबर से गढ़वाल विवि की स्नातक व स्नातकोत्तर सहित व्यवसायिक परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। गढ़वाल मंडल के 7 जिलों में स्थित 135 परीक्षा केंद्रों में 41 हजार परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। बृहस्पतिवार पूर्वाह्न परीक्षा केंद्राध्यक्ष प्रो. विभा मुकेश, डीएसडब्लू प्रो. प्यार सिंह राणा और मुख्य नियंता प्रो. अरुण बहुुगुणा के नेतृत्व में संकाय सदस्यों व अन्य अधिकारियों ने परीक्षा कराने संबंधी तैयारियों का अभ्यास किया। प्रो. विभा ने बताया कि परीक्षा हॉल में सिर्फ उन्हीं छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा जो आईकार्ड और प्रवेश पत्र साथ में लाएंगे। मुख्य नियंता प्रो. बहुगुणा ने बताया कि पहले दिन लगभग 400 छात्र बिड़ला परिसर में परीक्षा देंगे। परीक्षा के लिए सिर्फ एक ही गेट खुला रहेगा। जहां से छात्र प्रवेश कर सकेंगे। इस अवसर प्रो. बीपी नैथानी, प्रो. आरपी नेगी, डा. मुधसूदन सती, डा. दीपक भंडारी, डा. राकेश नेगी व सुरक्षा अधिकारी हेम जोशी आदि मौजूद थे।