पौड़ी के थलीसैण ब्लाक स्थित पर्यटन स्थल ताराकुंड पहुंचा ट्रैकिंग दल।
- फोटो : PAURI
थलीसैंण ब्लाक के ग्राम पंचायत सिरतोली से जिला पर्यटन अधिकारी खुशाल सिंह नेगी के नेतृत्व में एक ट्रैकिंग दल ताराकुंड पहुंचा। 5 किमी पैदल ट्रैक पर बांज-बुरांश, उतीस सहित कई पेड़-पौधे, चारों ओर फैले बुग्याल देख दल के सदस्य गदगद नजर आए। इसके बाद दल के सदस्यों ने ताराकुंड के आस-पास स्वच्छता अभियान चलाया और कूड़ा एकत्र कर निस्तारित किया। देर शाम को ट्रैकिंग दल सिरतोली लौट आया।
जिला पर्यटन अधिकारी पौड़ी खुशाल सिंह नेगी ने बताया कि सिरतोली में ग्रामीणों को पर्यटन के क्षेत्र में स्वरोजगार से जोड़ने के प्रयास हो रहे हैं। उन्होंने इस दौरान ग्रामीणों को होम-स्टे योजना की जानकारी दी। कहा कि 3 से 6 कमरों के खाली मकान को ग्रामीण होम स्टे योजना में पंजीकृत कर सकते हैं। ग्राम प्रधान सिरतोली रमेश नौटियाल ने क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलने से रोजगार की संभावनाओं पर जोर दिया। ट्रैकिंग दल में सेवायोजन अधिकारी मुकेश रयाल, राजेश रावत, आनंद सिंह और सुरेश राव शामिल रहे। संवाद