इस वर्ष बैसाखी से पहले ही शुरू किए पंजीकरण, 23 नवंबर को होगा अनुष्ठान
श्रीनगर। सिद्धपीठ कमलेश्वर महादेव मंदिर में खड़ दीया अनुष्ठान के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस वर्ष बैकुंठ चतुर्दशी 23 नवंबर को अनुष्ठान किया जाएगा। खास बात यह है कि हर साल बैसाखी के दिन से शुरू होने वाले पंजीकरण इस बार श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए बैसाखी से पहले ही शुरू कर दिए गए हैं। अनुष्ठान के लिए अभी तक आठ दंपती पंजीकरण करा चुके हैं।
महंत 108 आशुतोष पुरी ने बताया कि बीते 11 अप्रैल से मंदिर परिसर में दंपतियों के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अनुष्ठान को लेकर मंदिर सेवादल के सदस्य भी अभी से तैयारियों में जुट गए हैं। कमलेश्वर महादेव मंदिर में होने वाले इस अनुष्ठान की मान्यता दूर-दूर तक है। यही कारण है कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालु भी यहां दर्शन करने पहुंचते हैं। अब तक खड़ दीया अनुष्ठान के लिए आठ दंपती पंजीकरण करा चुके हैं जिनमें मुख्य रूप से दिल्ली, हरियाणा और मेरठ के श्रद्धालु शामिल हैं। संतान कामना के लिए यह अनुष्ठान होता है।