विश्व कैंसर दिवस राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के रेडियोथेरेपी (कैंसर) विभाग की ओर से जन जागरूकता रैली निकाली गई। इस दौरान बताया गया कि विभाग की ओर से कैंसर निवारण सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें किसी भी प्रकार के कैंसर संबंधी जानकारी बेस अस्पताल की कैंसर विभाग की ओपीडी से ली जा सकती है।
मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने डा. केके अग्रवाल व डा. शीला चौधरी के नेतृत्व में कॉलेज से बेस अस्पताल तक रैली निकाली। रैली के बाद आयोजित कैंसर जागरूकता कार्यशाला में कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सीएम रावत ने बताया कि तंबाकू व शराब के सेवन सहित खाने-पीने की सामग्रियों में मिले रसायनिक तत्व कैंसर के प्रमुख कारक हैं। रेडियोथैरेपी विभागाध्यक्ष प्रो. दौलत सिंह ने कहा कि देश में हर साल लगभग 12 लाख नए कैंसर रोगियों की पहचान हो रही है। इसमें से सात लाख की मृत्यु हर साल हो रही है। भारत में मुंह व गले का कैंसर, स्तन कैंसर, फेफड़ों का कैंसर और बच्चेदानी का कैंसर प्रमुखता हैं। कार्यक्रम में प्रो. पुष्पेंद्र सिंह, प्रो. आनंद जैन, प्रो. जेबी गोगाई, डा. अजित गैरोला, डा. अनिल द्विवेदी व निर्मल काला आदि मौजूद थे। (ब्यूरो)
चंबा (टिहरी)। विश्व कैंसर दिवस पर डीपीआईएम पैरामेडिकल संस्थान के छात्र-छात्राओं ने जन जागरूकता रैली निकाली। उन्होंने कैंसर की बीमारी से बचने के लिए जैविक खानपान और कैंसर पीड़ित मरीजों का उचित उपचार करने की जानकारी दी। डीपीआईएम पैरामेडिकल संस्थान के प्रबंधक योगेश रमोला ने कैंसर जन जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर माधव नौटियाल, हरिकृष्ण, शिवानी, रूपा आदि मौजूद रहे।
मलेथा और चौरास में नुक्कड़ नाटक से किया जागरूक
कीर्तिनगर। विश्व कैंसर दिवस पर विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। एचएनबी केंद्रीय गढ़वाल विवि के जैव रसायन विभाग के छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक से कैंसर की बारे में फैले मिथक व भ्रांतियों को दूर किया। इस अवसर पर डा. मनीषा निगम, डा. अभय पंवार, डा. दीक्षा मोलपा, नीरज सिंह व अंजलि गुसांई आदि मौजूद थे। राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के मेडिसिन विभाग की ओर से मलेथा में नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। इसमें एमबीबीएस के छात्र-छात्राओं ने कैंसर के लक्षण व बचाव की जानकारी दी। इसके बाद जन जागरूकता रैली निकाली। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष प्रो. अमित कुमार सिंह, डा. मुकेश शुक्ला, डा. रक्षिता शाह, मीना खत्री व हिमांशु रावत आदि मौजूद थे।