पुस्तक प्रेमियों के लिए गढ़वाल विवि के बिड़ला परिसर में आयोजित दो दिवसीय पुस्तक प्रदर्शनी यादगार रही। पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर के 52 प्रकाशकों की 25 हजार से अधिक पुस्तकों को इस प्रदर्शनी में शामिल किया गया, जिसने छात्रों व शिक्षकों के उत्साह को बढ़ाया। भारी संख्या में पुस्तक प्रदर्शनी में छात्र व शिक्षक जुटे।
गढ़वाल विवि बिड़ला परिसर के केंद्रीय पुस्तकालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट एक भारत श्रेष्ठ भारत की थीम पर दो दिवसीय पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। मंगलवार को प्रदर्शनी के दूसरे दिन पुस्तकालय अध्यक्ष डा. एमएस राणा ने बताया कि पुस्तक प्रदर्शनी में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के करीब 52 प्रकाशकों ने अपने प्रतिष्ठानों के नवीनतम संस्करणों की 25 हजार से अधिक पुस्तकों का प्रदर्शन किया है, जिसमें पियर्सन, ब्रिल, टेलर एंड फ्रांसिस बुक्स, वर्ल्ड साइंटिफिक, कैंब्रिज यूनिवर्सिटी प्रेस, आक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी प्रेस, विले, सेज पब्लिकेशन जैसे अंतरराष्ट्रीय प्रकाशकों के साथ ही एस चांद, सीबीएस, स्पोर्ट्स पब्लिकेशन, विंसर, किताबघर प्रकाशन आदि शामिल थे। इस दौरान कई छात्रों और प्राध्यापकों ने अपनी मन पसंद पुस्तकें भी खरीदी। जबकि विवि के प्राध्यापकों सहित छात्र-छात्राओं ने अपने विभागाध्यक्षों के माध्यम से अपनी पुस्तकों का चयन भी किया। समापन मौके पर पुस्तकालयाध्यक्ष डा. एमएस राणा ने पुस्तक प्रदर्शनी के सफल आयोजन के लिए सभी का आभार जताया। मौके पर प्रदर्शनी के संयोजक प्रो. डीपी सकलानी, निदेशक टिहरी परिसर प्रो. एए बोड़ाई, निदेशक पौड़ी परिसर प्रो. आरएस नेगी, पवन बिष्ट, संजय गौतम, चंद्रमोहन भट्ट, पीएल आर्य, राजाराम सुंदरियाल, एसपी चमोली, अनूप बिष्ट, राकेश कुमार, अनूप रावत, नागेंद्र बुटोला, रेणु पंवार, नीलम रौथाण, सुषमा देवी, सूरज सिंह, विवेक मेवाड़, रचेंद्र भंडारी, वृजमोहन खंडूडी, भगत लाल, अक्षत गुसांई, सुनील भारती, शिव सिंह व जितेंद्र नेगी आदि मौजूद थे।