पुलवामा। नार्को टेरर माड्यूल की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने वीरवार को ट्रक चालक हिलाल अहमद वागे के अवंतीपोरा के पंजगाम स्थित आवास पर छापे मारे। हिलाल को इसी वर्ष पंजाब के अमृतसर से पंजाब पुलिस ने 29 लाख रुपये के साथ गिरफ्तार किया था।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, एनआईए के अधिकारियों ने सुरक्षा बलों और जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवानों की सहायता से छापे की कार्रवाई को अंजाम दिया। सुरक्षा बलों ने वीरवार की सुबह हिलाल के घर तक जाने वाली सभी सड़कों को सील कर दिया। बाद में एनआईए के अधिकारियों ने उसके घर की तलाशी ली। हालांकि वहां से क्या मिला इस बारे में अभी कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
एनआई ने अप्रैल में नार्को टेरर मॉड्यूल की जांच अपने हाथ में लेने के बाद ट्रक चालक हिलाल वागे और नशा तस्कर रणजीत सिंह के बीच संबंधों का दावा किया था। रणजीत को पिछले साल मई में हरियाणा के सिरसा इलाके से गिरफ्तार किया गया था। उसी वर्ष जून में उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
एनआईए के प्रवक्ता ने बयान में कहा था कि एक ड्रग मामले की जांच में यह तथ्य सामने आया था कि पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठन भारत में आतंक ी गतिविधियों के लिए धन जुटाने के लिए मादक पदार्थों का अवैध व्यापार कर रहे थे।
एनआईए ने बयान में कहा कि कश्मीर में सक्रिय आतंकियों को आर्थिक मदद उपलब्ध कराने के लिए मादक द्रव्यों की तस्करी का सहारा लिया जा रहा है। आतंकियों तक यह पैसा हवाला और कूरियरों के माध्यम से पहुंचाया जा रहा है।
-अब तक दो दर्जन से अधिक गिरफ्तार
जांच एजेंसी ने नार्को टेरर मॉड्यूल मामले में प्रवर्तन निदेशालय के सहयोग से आतंकवादियों को धन उपलब्ध कराने के मामले में अब तक घाटी में दो दर्जन से अधिक अलगाववादी नेताओं और व्यापारियों को गिरफ्तार किया है।