मुकेश चंद्र आर्य
पौड़ी। चारधाम यात्रा मार्ग के लिए लोनिवि ने पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चमोली व टिहरी जनपदों में करीब 16 सड़कों को वैकल्पिक माेटर मार्गों के रूप में सूचिबद्ध किया है। केदारनाथ, बदरीनाथ व हेमकुंड साहिब के लिए इन मोटर मार्गों पर आवागमन सुचारु कर दिया गया है।
इस साल की चारधाम यात्रा को सुगम और सुरक्षित करने के लिए लोनिवि ने केदारनाथ पहुंचने के लिए 11 जबकि बदरीनाथ के लिए छह वैकल्पिक मोटर मार्गों को चिह्नित किया है। विभाग के मुताबिक चिह्नित मार्गों पर सड़क सुधारीकरण के कार्य पूर्ण हो चुके हैं। वहीं, खिर्सू -खेड़ाखाल- कांडई- खांकरा, खांकरा- छातिखाल और तिलवाड़ा- बाबई मार्ग को बदरीनाथ/ केदारनाथ पहुंचने के लिए संयुक्त रूप से इस्तेमाल किया जा सकता है। इन मार्गों को बैकअप के रूप में हर समय इस्तेमाल किया जाएगा। साथ ही बरसात या आपदा के दौरान भी इन मार्गों से आवागमन किया जा सकेगा।
- बदरीनाथ के वैकल्पिक मार्ग
गोविंदघाट- पुलना- हेमकुंड, नंदप्रयाग- चमोली वाया सावरीसैंण, जोर्तिमठ- सिंहधार- नृसिंह मंदिर बाइपास, पोखरी- विशाल- नैल- बामनाथ- सांकरी, खिर्सू- खेड़ाखाल- कांडई- खांकरा, खांकरा- छातीखाल- डूंगरीपंथ आदि मोटर मार्ग शामिल हैं।
- केदारनाथ के वैकल्पिक मार्ग
चुन्नीबैंड- विद्यापीठ, टिहरी - घनसाली- तिलवाड़ा, ममणी - जखोली, मयाली- गुप्तकाशी, रुद्रप्रयाग- पोखरी, बांसवाड़ा- कणसिल- चंद्रनगर- मोहनखाल, मक्कू पहुंच- पलद्वाड़ी- परकंडी- भीरी, बांसवाड़ा- बष्टी- बसुकेदार, विजयनगर- पठालीधार- डांगी, नागजगई-फेगू- बरम्वाड़ी, उत्तरकाशी- घनसाली- तिलवाड़ा मोटर मार्ग शामिल हैं।
- मार्ग पर तैनात होंगे 48 कर्मचारी 12 जेसीबी मशीनें
इन मार्गों पर हर समय यातायात को सुचारु करने के लिए लोनिवि ने गोपेश्वर, पोखरी, रुद्रप्रयाग व ऊखीमठ में 12 जेसीबी मशीनों के साथ 48 कर्मचारियों को तैनात किया है। विभाग के मुताबिक निखं ऊखीमठ में चार मशीनों के साथ सर्वाधिक 28 कर्मचारी तैनात रहेंगे। प्रांतीय खंड गोपेश्वर में चार मशीनें व 10 कर्मचारी, निर्माण खंड पोखरी में दो मशीनों पर छह कर्मचारी और रुद्रप्रयाग में दो मशीनों पर चार कर्मचारियों को तैनात किया गया है।
- पौड़ी के छह वैकल्पिक मार्गों से यात्रा होगी सुलभ
चारधाम यात्रा के दौरान पौड़ी के छह वैकल्पिक मार्गों को यातायात के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। इसमें पौड़ी-देवप्रयाग- गजा- जाजल, पौड़ी- खिर्सू, डुंगरीपंथ - छातिखाल, घट्टूगाड़- द्वारीखाल- गुमखाल- लैंसडोन- रिखणीखाल- बीरोंखाल, कर्मप्रयाग- नौटी- पैठाणी और स्व. जगमोहन सिंह नेगी मोटर मार्ग दुगड्डा शामिल हैं।
- चार डिविजनों में 32 अभियंता व 48 श्रमिक करेंगे मार्ग सुगम
लोनिवि के प्रांखं गोपेश्वर, रुद्रप्रयाग और निखं पोखरी व ऊखीमठ डिविजनों में 32 अभियंता और 48 श्रमिक इन मार्गाें की हर समय निगरानी करेंगे। इनमें सर्वाधिक छह अभियंता और 32 श्रमिक ऊखीमठ में तैनात रहेंगे। जबकि गोपेश्वर में चार अभियंता व 10 श्रमिक, रुद्रप्रयाग में 5 अभियंता व चार श्रमिक, पोखरी में एक अभियंता व छह श्रमिक तैनात रहेंगे।
क्या कहते हैं अधिकारी
- वैकल्पिक मार्गों को चिह्नित कर यातायात के लिए सुचारू कर दिया है। इन मार्गाें को बरसात या एनएच बंद होने के दौरान इस्तेमाल किया जा सकेगा। मार्गों पर विभागीय जेसीबी मशीनें, कर्मचारियों के साथ तैनात कर दी हैं। जरूरत पड़ने पर निजी मशीनों को हायर किया जाएगा। - राजेश चंद्र शर्मा, प्रमुख अभियंता, लोनिवि, उत्तराखंड।