- श्रीनगर नगर निगम ने अब तक 240 स्ट्रीट वेंडर्स को उपलब्ध कराया ऋण, नए आवेदन भी भरवाए गए
श्रीनगर। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के छह वर्ष पूर्ण होने पर सोमवार को नगर निगम सभागार में एक दिवसीय लोक कल्याण मेले का आयोजन किया गया। मेले में स्ट्रीट वेंडर्स, रेहड़ी-ठेली व फड़ व्यवसायियों और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को स्वरोजगार, वित्तीय सहायता और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। मेयर आरती भंडारी ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना छोटे व्यापारियों को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत 15 हजार, 25 हजार और 50 हजार रुपये तक का ऋण कम ब्याज दरों पर दिया जा रहा है। नगर निगम श्रीनगर अब तक 240 स्ट्रीट वेंडर्स को ऋण उपलब्ध करा चुका है। सिटी मिशन मैनेजर जगदीश रतूड़ी ने ऋण प्रक्रिया, ब्याज अनुदान, डिजिटल लेनदेन और समय पर पुनर्भुगतान के लाभों की जानकारी दी। कार्यक्रम में पात्र लाभार्थियों के नए ऋण आवेदन भी भरवाए गए। इस दौरान सहायक नगर आयुक्त रविराज सिंह बंगारी, गायत्री बिष्ट, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शशि पंवार सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, स्ट्रीट वेंडर्स और स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं मौजूद रहीं।
सीवर कर्मियों को सुरक्षा का प्रशिक्षण
श्रीनगर। नगर निगम सभागार में सोमवार को नमस्ते योजना के तहत आयोजित कार्यशाला में सीवर सफाई कार्य से जुड़े 50 से अधिक पर्यावरण मित्रों को सुरक्षा एवं स्वास्थ्य संबंधी प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षक चेतन पाटिल ने पीईपी किट के उपयोग, हेल्थ हाइजीन और सीवर कार्य के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। महापौर आरती भंडारी ने कहा कि पर्यावरण मित्र शहर की रीढ़ हैं और उनकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अब तक नगर निगम के छह कर्मियों का नमस्ते योजना में पंजीकरण कर उन्हें पीईपी किट उपलब्ध कराई जा चुकी है।