जम्मू। पेट्रोल और डीजल की बढ़ी कीमतों के खिलाफ प्रदेश कांग्रेस का हल्ला बोल जारी है। पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सोमवार को विभिन्न स्थानों पर पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों की पुलिस से धक्का-मुक्की भी हुई। उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बढ़ी कीमतों को तुरंत वापस लेने की मांग की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ कई बैनर पकड़ रखे थे। पार्टी नेताओं ने जिला मजिस्ट्रेट जम्मू के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा।
पार्टी मुख्यालय के बाहर पदाधिकारियों के साथ कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी के वरिष्ठ नेता रमण भल्ला ने कहा कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह से विफल रही है। पिछले छह साल में मोदी सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी लगाकर 18 लाख रुपये एकत्रित किए हैं। सरकार ने जबरन टैक्स लगाकर आम लोगों की जेब पर बोझ बढ़ाया है। लगातार तेल की कीमतों में बढ़ोतरी आम जनता के साथ अन्याय है। 2014 में पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी 9.20 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 3.46 प्रति लीटर थी, जो छह साल बाद पेट्रोल पर 23.78 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 28.37 रुपये प्रति लीटर हो गई है। डीजल पर 820 फीसदी और पेट्रोल पर 258 फीसदी के साथ कीमतों में बढ़ोतरी की गई है। इस बीच प्रदर्शनकारियों ने पार्टी मुख्यालय से आगे बढ़ने की कोशिश की, लेकिन भारी पुलिस बल ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान पार्टी मुख्यालय के बाहर हुए प्रदर्शन में पार्टी पदाधिकारियों ने तांगे पर सवारी करके तेल की बढ़ी कीमतों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया प्रदर्शन में योगेश साहनी, रवींद्र शर्मा, मनमोहन सिंह, शाह मोहम्मद चौधरी, एसएस शिंगारी, फकीर नाथ, नीरज गुप्ता, नरेंद्र शर्मा आदि शामिल रहे।
जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने भी किया प्रदर्शन
जिला कांग्रेस कमेटी (डीसीसी), जम्मू रूरल के कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन किया। जम्मू रूरल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता एसडीएम नार्थ जम्मू के कार्यालय के पास एकत्र हुए और भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध जताया। वक्ताओं ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम आदमी का बजट बुरी तरह से गड़बड़ा गया है। प्रदर्शन में यूथ कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष उदय भानू चिब के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। चिब ने कहा कि सरकार लगातार तेल की कीमतें बढ़ा रही है, जिससे लगभग हर उत्पाद की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। पार्टी नेताओं ने एसडीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भी सौंपा। डीसीसी रूरल विंग की ओर से किए गए प्रदर्शन में प्रदर्शनकारियों ने एक वाहन को रस्से से खींचकर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन में रूरल प्रधान हरि सिंह चिब, मूला राम, चौधरी गारू राम, शिवदेव सिंह, एमके भारद्वाज, पवन रैना, एजाज चौधरी आदि शामिल रहे।