श्रीनगर। नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत जीएसटी ऑफिस से होकर स्वीत गहड़ तक बनने वाली 8.15 किमी लंबी ठंडी सड़क के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग ने वन भूमि हस्तांतरण का प्रस्ताव गठित कर लिया है। जिसकी एनओसी मिलने के बाद विभाग की ओर से डीपीआर बनाकर शीघ्र कार्य शुरू कराया जाएगा।शहर में बढ़ते ट्रैफिक जाम की समस्या को दूर करने एवं आवासीय बस्तियाें को सड़क मार्ग से जोड़ने के उद्देश्य से इस सड़क को वर्ष 2020 में स्वीकृत किया गया था। कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक डाॅ. धन सिंह रावत के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल रही शहर के ऊपरी क्षेत्र से गुजरने वाली इस सड़क को ठंडी सड़क के नाम से प्रचारित किया गया था। शुरुआती सर्वे में गढ़वाल विवि की कुछ भूमि इस सड़क निर्माण में आने पर विवि ने भूस्खलन की दृष्टि से इस पर आपत्ति जताई थी।
जिसके बाद विभाग ने सड़क निर्माण की दिशा बदल दी। लोनिवि के अधिशासी अभियंता किशोर कुमार ने बताया कि अब दो चरणों में इस सड़क का निर्माण होना है। जीएसटी ऑफिस से डांग ऐठाणा मोटर मार्ग से होते हुए यह सड़क पौड़ी खिर्सू मोटर मोटर मार्ग एवं यहां से स्वीत गहड़ मोटर मार्ग पर मिलेगी। सड़क की दिशा बदलने के कारण इसमें कुछ नाप भूमि व वन भूमि आई। वन भूमि के हस्तांतरण के लिए प्रस्ताव गठित कर लिया है। जिसे वन भूमि हस्तातंरण पोर्टल पर अपलोड किया जायेगा। एनओसी मिलते ही डीपीआर बनाकर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। संवाद