- चार बेड का विशेष वार्ड किया तैयार, फिजीशियन की भी हुई तैनाती
पौड़ी। मुख्यालय में डेंगू जैसी मच्छरजनित बीमारियों के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने रोकथाम और उपचार की तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले में संभावित डेंगू मामलों से निपटने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं ताकि मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
जिला अस्पताल में डेंगू मरीजों के उपचार के लिए चार बेड का विशेष वार्ड तैयार किया गया है। वार्ड में आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे मरीजों की निगरानी और उपचार प्रभावी ढंग से किया जा सके। इसके अलावा डेंगू से संबंधित मामलों के लिए एक फिजीशियन की विशेष रूप से तैनाती की गई है, जो मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखेंगे। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। डेंगू की पहचान और उपचार के लिए आवश्यक दवाओं व जांच सुविधाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। जिला अस्पताल के पीएमएस डॉ. एलडी सेमवाल ने बताया कि जिला मुख्यालय में पिछले दो वर्षों से डेंगू का कोई मामला सामने नहीं आया है। इसके बावजूद अस्पताल प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सकीय संसाधनों और स्वास्थ्य कर्मियों को भी तैयार रखा गया है।