ऋषिकेश- बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तोताघाटी में काम करते मजदूर
- फोटो : SHRINAGAR
पीडब्लूडी राष्ट्रीय राजमार्ग श्रीनगर डिवीजन ने आठ अक्तूबर से पूर्व तोताघाटी में ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे को खोलने का दावा किया है। विभाग के अनुसार, अब मात्र 15 मीटर पैच ही कटिंग के लिए शेष बचा हुआ है। जिसकी कटिंग जल्दी हो जाएगी।
बदरीनाथ हाईवे पर कौड़ियाला-सकनीधार के मध्य तोताघाटी पैच पिछले छह माह से सिरदर्द बना हुआ है। यहां पहाड़ काटने के लिए पीडब्लूडी तीन बार यातायात बंदी कर चुका है। वर्तमान में पीडब्लूडी ने 9 सितंबर से 8 अक्तूबर तक के लिए यातायात बंदी की हुई है। इसके चलते ऋषिकेश से श्रीनगर के बीच वाहनों की आवाजाही मलेथा-पीपलडाली-चंबा-नरेंद्रनगर रूट से हो रही है। पीडब्लूडी के सहायक अभियंता बीएन द्विवेदी ने बताया कि कटिंग के दौरान चट्टान टूटने और मानसून में बारिश से सड़क के पुस्ते ढह गए थे। खतरे को देखते हुए रूट डायवर्ट करना पड़ा। बताया कि यहां वाहनों का आवागमन बंद होने से काम करने का पूरा समय भी मिल रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में चट्टान को काटकर सड़क के लेवल तक लाया जा रहा है। काम जल्दी पूरा हो जाएगा। विभाग ने तय समय सीमा से पहले 5 अक्तूबर तक कटिंग काम पूरा कर यातायात बहाल करने का लक्ष्य तय किया है।