पौड़ी। डाक विभाग आधुनिकता के साथ अब अपडेट होता जा रहा है। विभाग ने अब एमपीसीएम (मल्टी पर्पज आउंटर मशीन) काउंटरों की समयसीमा में बड़ा बदलाव किया है। इससे स्पीड पोस्ट व पार्सल की बुकिंग के कार्य का दायरा बढ़ गया है।
जिला मुख्यालय पौड़ी, कोटद्वार व लैंसडाैन में अब सुबह नौ बजे से रात आठ बजे तक इन सेवाओं का लाभ उपभोक्ता ले सकते हैं। डाक अधीक्षक पौड़ी दीपक शर्मा ने बताया कि जनपद पौड़ी में डाक विभाग ने एमपीसीएम काउंटरों की समयसीमा को बढ़ाया गया है। अभी तक प्रधान डाकघरों में इन सुविधाओं की समय सीमा पांच बजे और अन्य डाकघरों में तीन से चार बजे तक थी।
प्रधान डाकघर पौड़ी, कोटद्वार व लैंसडौन में अब एमपीसीएम सुविधा की समय सीमा पांच बजे से बढ़ाकर रात आठ बजे तक की गई है।
उप डाकघर दुगड्डा, श्रीनगर, सतपुली, पोखड़ा, बेल, कोटद्वार रेलवे स्टेशन, श्रीकोट, कमलेश्वर व पद्मपुर सुखरों में चार बजे से बढ़ाकर समय सीमा छह बजे, उप डाकघर धुमाकोट, नौगांवखाल, पाबौ व स्वर्गाश्रम में पांच बजे किया गया है।
उप डाकघर बैजरों, भृगुखाल, बस स्टेशन पौड़ी, चाकीसैंण, चीला कालोनी, डूंगरी, कालागढ़, कंडोलिया, ल्वाली, नैनीडांडा, पैडुल, परसुंडाखाल, पाटीसैंण, रिखणीखाल, सिलोगी, तोली, अपर बाजार में चार बजे और लक्ष्मणझूला में साढ़े चार बजे समयसीमा की गई है। डाकघरों की एमपीसीएम की सेवा के विस्तार से स्पीड पोस्ट, पार्सल बुकिंग, डाक टिकट खरीद, राजस्व डाक टिकट खरीद आसान हो जाएगी। संवाद