जम्मू। प्रदेश भाजपा ने मोदी सरकार की वर्षगांठ पर एक महीने तक प्रदेश में चलने वाले डिजिटल संपर्क अभियान को सफल बनाने के लिए रविवार को समितियों का गठन किया। प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र रैना की अध्यक्षता में पार्टी मुख्यालय में हुई बैठक में महासचिव डॉ. देवेंद्र मनेयाल की अध्यक्षता में कार्यक्रमों के समन्वय के लिए कमेटी बनाई गई। इसमें कार्यालय सचिव तिलक राज और नरेश सिंह को शामिल किया गया है। महासचिव विबोध गुप्ता, उपाध्यक्ष डॉ. नरेंद्र सिंह, पूर्व मंत्री सत शर्मा डिजिटल माध्यम से वर्चुअल ई-रैलियों की देखरेख करेंगे।
इसके अलावा महासचिव सुनील शर्मा, पूर्व एमएलसी विक्रम रंधावा, मीडिया सचिव डॉ. प्रदीप महोत्रा पर आधारित पत्रकार वार्ता समन्वय कमेटी बनाई गई। मुख्य प्रवक्ता सुनील सेठी, पूर्व मंत्री प्रिया सेठी, प्रवक्ता अभिजीत जसरोटिया की कमेटी डिजिटल संपर्क कार्यक्रमों के लिए ई सामग्री मुहैया करवाएगी।
मोर्चा प्रभारी मुनीश शर्मा, सचिव विकास चौधरी और रेखा महाजन पर आधारित फेस कवर और सेनेटाइजर्स वितरण कमेटी भी बनाई गई है। प्रत्येक मोर्चा 500 वीडियो सम्मेलन करेगा। भाजपा आईटी और सोशल मीडिया प्रभारी जयदेव रजवाल, अतिरिक्त प्रभारी इशांत गुप्ता और युद्धवीर सिंह पर आधारित आईटी और सोशल मीडिया कमेटी का गठन किया गया है।
आईटी, सोशल मीडिया टीम कार्यक्रमों को तैयार करने में जुटी
भाजपा के डिजिटल संपर्क अभियान को सफल बनाने के लिए आईटी और सोशल मीडिया टीम रविवार को कार्यक्रमों की तैयारी में जुट गई। प्रभारी जयदेव रजवाल ने टीम के पदाधिकारियों से बैठक की और कहा कि प्रदेश अध्यक्ष ने जो बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है उसको पूरा करने के लिए टीम दिन रात काम करेगी।