कीर्तिनगर। होली के दिन कीर्तिनगर बाजार में व्यापारियों के साथ हुई मारपीट की घटना के अन्य आरोपियों की खोज की जा रही है। कोतवाली निरीक्षक संजय मिश्रा ने कहा कि इस मामले में व्यापारियों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पूछताछ जारी है। मौके से मिली बाइक को सीज कर दिया गया है। बाइक स्वामी कोई और था और बाइक चला कोई और रहा था। इस मामले में दो आरोपियों को पुलिस पहले ही शांतिभंग के मामले में गिरफ्तार कर चुकी है। उन्होंने कहा कि जल्द आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। संवाद
-
शराब की दुकान एक सप्ताह में हटाएं
कीर्तिनगर। पुलिस चौकी के पास संचालित अंग्रेजी शराब की दुकान को स्थानीय लोगों ने एक सप्ताह के अंदर हटाने जाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि उक्त दुकान नेशनल हाईवे से सटी हुई है। सड़क सुरक्षा को देखते हुए दुकान को यहां से हटाया जाना जरूरी है। कहा कि आए दिन यहां पर लड़ाई-झगड़ा हो जाता है जिससे नगर का माहौल खराब हो रहा है। लोगों ने एसडीएम कीर्तिनगर से मिलकर दुकान को एक सप्ताह में हटाने की मांग की। कहा यदि मांग पर अमल नहीं हुआ तो लोगों प्रदर्शन करने के लिए विवश होना पड़ेगा। एसडीएम से मिलने वालों में एडवोकेट चंद्रभानु तिवाड़ी, आशा पैन्यूली, ओमप्रकाश बधानी, जयप्रकाश जोशी, सविता उनियाल, विकास दुमागा, जगदंबा कुमांई और सरोजनी देवी आदि मौजूद रहे। संवाद
अलकनंदा नदी में बहे युवक का नहीं चला पता
श्रीनगर। होली के दिन कमलेश्वर घाट के पास अलकनंदा नदी में नहाते समय बहे युवक का अभी कुछ पता नहीं चल पाया है। पुलिस व एसडीआरएफ की टीम की ओर से युवक की तलाश के लिए नदी में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। कोतवाली निरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि होली के दिन दीपक कुमार (25) पुत्र शिवशंकर राम, निवासी दिलही जिला दरभंगा बिहार नदी में नहाने के दौरान बह गया था। शुक्रवार को भी टीम ने नदी क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया लेकिन उसका पता नहीं चल सका। संवाद