पौड़ी में पत्रकारों से वार्ता करती एसएसपी पी. रेणुका देवी।
- फोटो : PAURI
पुलिस लाइन पौड़ी में विभाग जल्द ही एक वायरलेस भवन बनाने की तैयारी कर रहा है, जिसके बाद विभाग की संचार सेवा और भी मजबूत हो जाएगी। एसएसपी ने जिले में कई वर्षों से निष्क्रिय पड़ी तीन चौकियों में प्रभारियों की तैनाती कर दी है। इन सभी चौकियों का जल्द संचालन भी शुरू हो जाएगा। वहीं थाना थलीसैंण के भवन व आवासीय कालोनी निर्माण के लिए भी शासन से स्वीकृति मिल गई है।
एसएसपी पौड़ी पी. रेणुका देवी ने पत्रकार वार्ता में बताया कि पुलिस लाइन पौड़ी में जल्द ही एक वायरलेस भवन बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोतवाली पौड़ी की बाजार चौकी, थाना लक्ष्मणझूला की रामझूला चौकी व थाना देवप्रयाग की रिपोर्टिंग चौकी सबदरखाल निष्क्रिय पड़ी हुई थी। इन चौकियों में प्रभारी नियुक्त कर दिए गए हैं। एसएसपी रेणुका ने कहा कि पाबौ चौकी भवन निर्माण के लिए मुख्यालय प्रस्ताव भेजा है। नैनीडांडा, दुधारखाल, श्रीकोट, रामझूला आदि चौकियों में भी भौतिक संसाधन दुरुस्त करने पर कार्य तेजी से चल रहा है। एसएसपी आवास का निर्माण कार्य भी पूरा हो चुका है। सितंबर माह के अंत तक भवन को अधिग्रहित कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पुलिस ने वर्षों से फरार चल रहे तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
13 एसआई किए इधर-उधर
पौड़ी। एसएसपी पौड़ी पी. रेणुका देवी ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में तैनात 13 उपनिरीक्षकों का तबादला किया है। इनमें रियाज अहमद को एसएसआई लैंसडौन, रणवीर चंद्र रमोला एसएसआई श्रीनगर, महेश रावत को थाना कालागढ़, जगवीर सजवाण को कोतवाली श्रीनगर की जिम्मेदारी दी गई है। अमित कुमार को चौकी प्रभारी श्रीकोट, मनोज कुमार गैरोला को चौकी प्रभारी नीलकंठ, अजय प्रकाश को चौकी प्रभारी स्नेह कोटद्वार, दीपिका बिष्ट को चौकी प्रभारी सबदरखाल, दीपा शाह को चौकी प्रभारी रामझूला, वजिंद्र नेगी को बाजार चौकी प्रभारी पौड़ी, अरविंद पंवार को चौकी प्रभारी नैनीडांडा का दायित्व दिया गया है। इसके साथ ही मुकेश गैरोला को सीएम हेल्प लाइन के साथ ही अनेक जिम्मेदारियां दी गई हैं। जबकि सुनील पंवार को उपनिरीक्षक यातायात कोटद्वार, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट का प्रभार दिया गया है।