पांच वर्षों से लापता चल रहे युवक को पुलिस ने उसके परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने बताया कि युवक दो सप्ताह से देवप्रयाग नगर में घूम रहा था, लेकिन उसकी मनोदशा अच्छी न होने पर वह अपने माता-पिता और गांव का नाम भी भूल चुका था, जिसके बाद सोशल मीडिया के माध्यम से युवक के घर का पता लगाया गया।
थाना प्रभारी महिपाल सिंह रावत ने बताया कि युवक विक्षिप्त स्थिति में होने से भूख से बेहाल था। युवक ने अपना नाम राहुल बताया, लेकिन जब मां व पिता व गांव का पता पूछा गया तो वह नहीं बता पाया। इसके बाद सोशल मीडिया के माध्यम से युवक के घर और गांव की तलाश की गई। पता चला कि युवक सतपुली क्षेत्र के द्वारीखाल निवासी सतेंद्र के पुत्र है। पुलिस ने युवक के परिजनों से संपर्क किया। इस पर युवक के पिता सत्येंद्र ने बताया कि राहुल विक्षिप्त अवस्था में घर से लापता हो गया था। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल पाया। घर की आर्थिक स्थिति अच्छी न होने से उसे ज्यादा दिनों तक नहीं खोज पाए। पुलिस की ओर से घर पहुंचाए गए बेटों को देख राहुल की मां और पिता भावुक हो गया। संवाद