पैरा ग्लाइडर से उड़ान भरकर दून से पौड़ी पहुंचे पायलट विनय
कहा, एयरो स्पोर्ट्स की संभावनाओं से भरा है पौड़ी
अमर उजाला ब्यूरो
पौड़ी। उत्तराखंड में साहसिक खेलों व पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पैरा ग्लाइडर पायलट विनय सिंह उड़ान भरकर देहरादून से पौड़ी पहुंचे। उन्होंने कहा कि पौड़ी एयरो स्पोर्ट्स की संभावनाओं से भरा है। इसके कार्ययोजना की रिपोर्ट तैयार कर जल्द सरकार को सौंपी जाएगी। कहा कि एयरो स्पोर्ट्स एसोसिएशन से जुड़ने वाले युवाओं को प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा।
रविवार को हिमालय एयरो स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव व पायलट विनय सिंह ने देहरादून से पौड़ी के लिए पैरा ग्लाइडर से उड़ान भरी। विनय ने सुबह 6.55 बजे देहरादून से उड़ान भरी और वे 8.13 बजे शहीद जसवंत सिंह खेल मैदान रांसी पहुंचे। पौड़ी पहुंचने पर पालिकाध्यक्ष यशपाल बेनाम ने उनका स्वागत किया। कहा कि पायलट विनय सिंह की यह उड़ान साहसिक खेलों व पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में नई उम्मीद लेकर आई है। उन्होंने कहा कि पौड़ी में साहसिक खेलों की संभावनाओं के लिए भी उनकी यह उड़ान मील का पत्थर साबित होगी। पायलट विनय सिंह ने बताया कि दून से पौड़ी तक के करीब 70 किमी का हवाई सफर रहा, जिसे 6 से 8 हजार फीट ऊंचाई पर तय किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में एयरो स्पोर्ट्स की संभावनाओं को तलाशना मेरी प्राथमिकता है। पायलट विनय ने कहा कि पौड़ी की गगवाडस्यूं घाटी में पैरा ग्लाइडिंग को लेकर हवाई निरीक्षण भी किया गया। कहा कि पौड़ी में एयरो स्पोर्ट्स को लेकर कई बेहतर स्थल मौजूद है। हवाई सफर के दौरान कई जगहों को तलाशा गया। सरकार के साथ मिलकर प्रदेश में एयरो स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। इस अवसर पर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष मनीष जोशी, अखिलेश नेगी आदि मौजूद रहे।