कहा-बिलकेदार में आवासीय बस्तियों के ऊपर से गुजर रही है हाईटेंशन लाइन
विद्युत वितरण खंड कार्यालय में प्रदर्शन के बाद बैठे धरने पर
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। नगर निगम के वार्ड 40 के अंतर्गत बिलकेदार में आवासीय बस्तियों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को शिफ्ट करने की मांग के लिए बुधवार को लोगों ने विद्युत वितरण खंड कार्यालय में प्रदर्शन कर धरना दिया। मौके पर अधिकारियों के न मिलने पर लोगों का आक्रोश और भड़क गया और उन्होंने ऊर्जा निगम के खिलाफ नारेबाजी की।
वार्ड पार्षद संदीप रावत के नेतृत्व में ऊर्जा निगम कार्यालय पहुंचे लोगों ने कहा कि बिलकेदार में 11 हजार केवी हाईटेंशन की लाइन दुर्घटना का कारण बन रही है। यहां लंबे समय से घरों के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन को हटवाने की मांग लंबे समय से कर रहे हैं लेकिन लाइन अभी तक नहीं हटाई गई है। लोगों ने कहा कि पूर्व में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से कई लोग घायल भी हो चुके हैं। लोग बच्चों की सुरक्षा के लिए सबसे ज्यादा चिंतित हैं। कहा कि स्थानीय निवासी प्रीतम सिंह बुटोला के घर की छत पर हाईटेंशन लाइन छू कर गुजर रही हैं। कई स्थानों पर पोल लगाने की जरूरत है। अपराह्न तीन बजे ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता कार्यालय पहुंचे और लोगों से वार्ता की। उन्होंने जल्द हाईटेंशन लाइन को शिफ्ट करने का आश्वासन दिया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने धरना समाप्त किया। इस मौके पर मंगल सिंह, प्रीतम सिंह बुटोला, अनिल कुमार, यशवंत सिंह, शशि भट्ट, पूनम भट्ट, मधु देवी, बबिता, बीना देवी, दिगंबर सिंह, प्रेम सिंह नेगी, विक्रम सिंह रावत, सुरेश नेगी आदि मौजूद रहे।