पिछले तीन दिन से नगर निगम के श्रीकोट गंगानाली क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पटरी से उतर गई है। कई जगह घंटों बिजली आपूर्ति ठप हो रही है। गर्मी और उमस के मौसम में लोग रात को बिना बिजली के सो नहीं पा रहे हैं। वहीं, बिजली नहीं होने से पोस्ट ऑफिस में भी कामकाज प्रभावित हो रहा है।
रविवार सुबह से श्रीकोट क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति गड़बड़ाना शुरू हुई। यहां कुछ क्षेत्रों में वोल्टेज डाउन होने के बाद बिजली गुल हो गई। इसके बाद ऊर्जा निगम ने फॉल्ट ढूंढना शुरू किया। सोमवार रात लगभग नौ बजे गैस गोदाम के समीप ट्रांसफार्मर भी फुंक गया जिससे काफी बड़े हिस्से की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई।
विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता वाईएस तोमर ने बताया कि मंगलवार पूर्वाह्न 11 बजे तक नया विद्युत ट्रांसफार्मर लगाया गया लेकिन अन्य हिस्सों में बार-बार बिजली में व्यवधान आ रहा है। निगम की वितरण लाइन भी चेक कर ली गई है। इनमें कोई फॉल्ट नहीं है। अब घरेलू लाइन को देखा जा रहा है। सोमवार रात लगभग सवा एक बजे ग्रिड फेल होने से श्रीनगर समेत अन्य क्षेत्रों की आपूर्ति भी बाधित हो गई। सुबह लगभग साढ़े चार बजे ग्रिड सामान्य होने पर आपूर्ति बहाल हुई।