जम्मू। अगर आप की शहर की सड़कों पर वाहनों को पार्क करते हैं, तो सावधान हो जाइए। अब अपने ही वाहन को हासिल करने के लिए आपको पुलिस थाने और कोर्ट-कचहरी के चक्कर लगाने पड़ सकते हैं। शहर सड़कों के किनारे वाहनों को पार्क करने वालों को खिलाफ यातायात पुलिस ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। सड़क पर खड़े वाहनों को अब पुलिस उठाकर सीधे पुलिस लाइन ले जाने लगी है। इसी अभियान के तहत रविवार को छुट्टी के दिन यातायात पुलिस ने शहर के गुज्जर नगर इलाके से 12 से ज्यादा वाहनों को कब्जे में ले लिया है। इन वाहनों को पुलिस ने क्रेन की मदद से सीधे यातायात पुलिस लाइन ले गई है।
जानकारी के अनुसार रविवार को यातायात पुलिस ने सड़क के किनारे पार्क किए गए वाहनों के खिलाफ कार्रवाई अभियान चलाया। इस दौरान गुज्जर नगर इलाके से लेकर उपायुक्त कार्यालय तक सड़क के किनारे पार्क किए एक दर्जन वाहनों को क्रेन से उठाकर उन्हें पुलिस लाइन ले गई। लोगों की पुलिस की इस कार्रवाई का पता तब चला जब वे कहीं जाने के लिए अपने घरों से बाहर निकले। लोग जैसे ही बाहर निकलकर अपने वाहनों को देखने लगे तो उन्हें नदारद पाया। इस पर कुछ लोगों को पता चला कि पुलिस ने वाहनों को उठा लिया। इसके बाद लोगों ने पुलिस के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन भी किया, लेकिन उस वक्त यातायात पुलिस का कोई भी कर्मी वहां मौजूद नहीं था।
प्रदर्शन कर रहे लोगों में पहुंचे वार्ड-6 के पार्षद
पुलिस की कार्रवाई के बाद प्रदर्शन कर रहे लोगों के साथ वार्ड-6 के पार्षद भी पहुंच गए। उन्होंने यातायात पुलिस ने इस कार्रवाई का गलत करार दिया। वहीं, लोगों ने कहा कि क्षेत्र में वाहन पार्क करने का कोई स्थान नहीं है। इसकी वजह से वाहनों को सड़क पर ही पार्क करना पड़ता है। यातायात पुलिस ने वाहन मालिकों को सूचित किए बिना ही उन्हें सीज कर लिया है, जो किसी भी सूरत में सही नहीं है।
सड़कों पर पार्क नहीं हो सकते वाहन : पुलिस
यातायात पुलिस का कहना है कि सड़क के किनारे वाहनों को पार्क नहीं किया जा सकता है। लोगों को बार-बार चेताया जाता है कि वह सड़कों के किनारे वाहनों को पार्क न करें, लेकिन वह मानते नहीं हैं। इस कारण कई बार जाम की स्थिति भी पैदा हो जाती है। पुलिस का कहना है कि लोगों को नियमों का पालन करना होगा, नहीं तो भविष्य में भी सड़कों के किनारे पार्क किए गए वाहनों को सीज कर लिया जाएगा।