योग दिवस पर योगमय हुआ पौड़ी, जसवंत सिंह स्टेडियम रांसी में जुटी भीड़
पौड़ी/थलीसैंण। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान लोगों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ और निरोगी जीवन का संकल्प लिया। रविवार को राइफलमैन जसवंत सिंह स्टेडियम रांसी में आयोजित कार्यक्रम में लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को भी सुना।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत होने के साथ ही स्वस्थ जीवन का आधार भी है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की एक प्रभावी पद्धति है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तनावपूर्ण जीवनशैली के बीच योग मानसिक शांति, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच प्रदान करता है। इस अवसर पर स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला आदि मौजूद रहे।
वहीं, राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय बनास पैठाणी की नमामि गंगे इकाई की ओर से राहु इंद्रेश्वर मंदिर परिसर में नयार नदी के संगम स्थल पर योग शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मातवर सिंह रावत, जिला पंचायत सदस्य डॉ. शिव चरण नौडियाल और विजय रौथाण मौजूद रहे।
गोविंद बल्लभ पंत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान में भी योग दिवस मनाया गया। इस मौके पर योग प्रशिक्षक डॉ. केडी नारायण, डॉ. किरीट सेमवाल, संस्थान के निदेशक डॉ. वीके बंगा, डीन प्लानिंग एंड डेवलपमेंट डॉ. केकेएस मेर, डॉ. एमके अग्रवाल, डॉ. केएस भाटिया आदि मौजूद रहे।