16 करोड़ की लागत से होगा तैयार
पुल निर्माण से चौरास क्षेत्र के लोगों को मिलेगा लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। विकास खंड कीर्तिनगर के सुपाणा और नगर निगम क्षेत्र की डैम कॉलोनी, कोटेश्वर के बीच अलकनंदा नदी पर करीब 16 से 17 करोड़ रुपये की लागत से 130 मीटर स्पान का स्टील ब्रिज का निर्माण किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग ने इसके लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस पुल के निर्माण से क्षेत्र के कई गांवों सहित कीर्तिनगर से स्वीत पुल तक ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के करीब 10 किलोमीटर भाग का विकल्प भी बनेगा।
प्रस्तावित स्थल पर करीब 40 वर्ष पहले सिंचाई विभाग ने स्टील ब्रिज का निर्माण कराया था। बाद में पुल पर पेयजल पाइपलाइन बिछाए जाने के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने लगी। अब नए मोटर पुल के निर्माण से क्षेत्रवासियों को बेहतर संपर्क सुविधा मिल सकेगी। यह पुल चौरास क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। साथ ही श्रीनगर शहर में जाम या राष्ट्रीय राजमार्ग पर किसी कारण से यातायात बाधित होने की स्थिति में यह वैकल्पिक मार्ग के रूप में भी काम करेगा। इससे स्थानीय लोगों के अलावा यात्रियों को भी राहत मिलेगी। वहीं लोक निर्माण विभाग कीर्तिनगर के अधिशासी अभियंता धीरेंद्र कुमार ने बताया कि पुल निर्माण के लिए डीपीआर तैयार की जा रही है। 130 मीटर स्पैन स्टील ब्रिज की अनुमानित लागत 16 से 17 करोड़ रुपये होगी। डीपीआर तैयार होने के बाद आगे की स्वीकृति और निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।