श्रीनगर। साढ़े आठ किमी लंबी सड़क का नगर क्षेत्र के लोगों को और इंतजार करना पड़ेगा। लोक निर्माण विभाग श्रीनगर इस मार्ग के निर्माण के लिए वन भूमि की स्वीकृति के लिए प्रयासों में जुटा हुआ है। हालांकि विभाग को वन भूमि के बदले प्रशासन द्वारा दोगुनी भूमि देने के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है।पौड़ी रोड पर एसएसबी फायरिंग रेंज को जाने वाले रास्ते से जीएसटी कार्यालय के ऊपर से डांग व बुघाणी मार्ग होते हुए घसियामहादेव के ऊपर से होते हुए श्रीकोट तक करीब साढ़े आठ किमी लंबाई के मोटर मार्ग के निर्माण की कार्रवाई पिछले पांच वर्ष से अधिक समय से चल रही है। बीच में गढ़वाल विवि के हैप्रक की भूमि इसमें आने से विवाद की स्थिति बनी हुई थी।
जिस कारण इसका सर्वे विभाग को दुबारा कराना पड़ा। इससे अब मार्ग निर्माण की उम्मीद जगी है, लेकिन इसमें श्रीकोट के आस-पास वन भूमि आने से दिक्कतें बनी हुई है। विभाग का कहना कि वन भूमि के हस्तानांतरण की प्रक्रिया चल रही है। उम्मीद है कि जल्द ही वन भूमि की स्वीकृति मिल जाएगी।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता किशोर कुमार का कहना है कि विभाग की ओर से पूर्व में गढ़वाल विवि की जमीन को लेकर चल रहे विवाद को दूर कर दिया गया है। अब इस मार्ग के बीच में आ रही वन भूमि की स्वीकृति के लिए प्रयास जोरों पर है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से वन भूमि के बदले दी जाने वाली दोगुनी भूमि दिए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है।