पौड़ी। जिला मुख्यालय से सटे विकासखंड कोट के शाश्वत बछेती का चयन एनडीए (नेशनल डिफेंस एकेडमी) में हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे ब्लॉक में खुशी की लहर है।
बचपन से ही सेना में भर्ती होकर देशसेवा का सपना संजोए शाश्वत ने आखिरकार अफसर बनने की पहली सीढ़ी पार कर ली है। ब्लॉक के कांडेई गांव निवासी शाश्वत बछेती ने कक्षा छह से 12वीं तक की पढ़ाई सैनिक स्कूल घोड़ाखाल नैनीताल से पूरी की। इसी दौरान उन्होंने एनडीए की तैयारी की और सफलता प्राप्त कर ली।
पिता संजीव बछेती पहाड़ी मसालों के उद्यमी हैं, जबकि माता पूर्णिमा बछेती व्यवसाय में सहयोग करती हैं। स्कूली जीवन से ही शाश्वत अनुशासनप्रिय और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित हैं। एनसीसी से सी सर्टिफिकेट प्राप्त कर चुके शाश्वत पूर्व में दो बार गणतंत्र दिवस परेड में प्रतिभाग कर चुके हैं। शाश्वत अपनी सफलता का श्रेय गुरुजनों व परिवार को देते हैं।