जिले को जल्द ही एक लाइफ सपोर्ट सिस्टम एंबुलेंस मिल जाएगी। डीएम ने प्रभारी मंत्री की अनुमति पर जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने के लिए डेढ़ करोड़ की राशि दी है।
डीएम पौड़ी धीराज सिंह गर्ब्याल ने खनन न्यास से स्वास्थ्य सेवा बेहतर बनाने के लिए एक करोड़, 51 लाख की धनराशि जारी की। डीएम ने बताया जिले के लिए 35 लाख की लागत से एक लाइफ सपोर्ट सिस्टम एंबुलेंस खरीदी जाएगी, जो एक माह में जिले में आ जाएगी और जिला अस्पताल पौड़ी में रखी जाएगी। जिले के अन्य स्थानों के लिए भी लाइफ सपोर्ट सिस्टम एंबुलेंस खरीदी जाएंगी। डीएम ने बताया कि सेंट्रल आक्सीजन सिस्टम के लिए मेडिकल कालेज श्रीनगर को 40 लाख, बेस अस्पताल कोटद्वार को 50 लाख की धनराशि दी गई है। 16 लाख की लागत से दो एंबुलेंस भी खरीदी जाएंगी। कहा कि 10 लाख की लागत से जिले के लिए इंफ्रारेड थर्मामीटर भी लिए जाएंगे। जिले में स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर बनाने के लिए और भी प्रयास किए जाएंगे।