रोस्टर वेबसाइट पर अपलोड, सात कार्य दिवस में मांगी गईं आपत्तियां
जुलाई माह के अंतिम सप्ताह तक जारी हो सकता है भर्ती का विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में लंबे समय से लंबित 140 शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया अब जल्द शुरू होने की उम्मीद है। विवि प्रशासन ने असिस्टेंट प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और प्रोफेसर पदों के लिए तैयार 200 प्वाइंट आरक्षण रोस्टर एवं पीडब्ल्यूबीडी रोस्टर विवि की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है। इसके साथ ही रोस्टर पर सात दिनों में आपत्तियां और सुझाव आमंत्रित किए गए हैं।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव की ओर से जारी परिपत्र के अनुसार यदि किसी को रोस्टर के संबंध में कोई आपत्ति हो तो वह परिपत्र जारी होने की तिथि से सात दिन में अपनी आपत्ति लिखित रूप में कुलसचिव कार्यालय में प्रस्तुत कर सकता है। निर्धारित अवधि के बाद प्राप्त होने वाली आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा। विश्वविद्यालय की रोस्टर समिति के संयोजक प्रो. दीपक कुमार के अनुसार सभी संकायों में शिक्षक संवर्ग के रिक्त पदों के लिए रोस्टर तैयार करने का कार्य पूरा हो चुका है। 48 विषयों में 140 से अधिक पदों के लिए 200 प्वाइंट रोस्टर तैयार किए गए हैं। रोस्टर को सभी आरक्षण संबंधी प्रावधानों के अनुरूप अंतिम रूप दिया गया है। अब प्राप्त होने वाली आपत्तियों के निस्तारण के बाद भर्ती प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाएगा। यदि सब कुछ निर्धारित योजना के अनुसार रहा तो जुलाई माह के अंतिम सप्ताह तक शिक्षकों की भर्ती का विज्ञापन जारी किया जा सकता है।