राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में स्नातक पैरामेडिकल कोर्स की कक्षाएं एक मार्च से शुरू होंगी। संस्थान की ओर से इस संबंध में दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
शिक्षण सत्र 2020-21 से श्रीनगर मेडिकल कॉलेज मेें पहली बार तीन पैरामेडिकल कोर्स संचालन की अनुमति मिली है। गत वर्ष दिसंबर माह मेें तीनों कोर्स में 65 छात्र-छात्राओं ने प्रवेश लिया था, लेकिन कोरोना संक्रमण की वजह से कक्षाएं शुरू नहीं हो पाई थी। अब एचएनबी उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विवि ने एक मार्च से कक्षाएं शुरू करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सीएम रावत ने बताया कि चिकित्सा शिक्षा विवि से निर्देेश मिलने के बाद कक्षाओं के संचालन के लिए छात्र-छात्राओं को सूचना भेज दी गई है। उन्होंने बताया कि संस्थान में बैचलर ऑफ मेडिकल रेडियोडायग्नोसिस इमेेजिंग टेक्नोलॉजी (बीएमआरआईटी), बीएससी ऑपरेशन थियेटर टेक्नोलॉजी (बीएससी ओटीटी) और बीएससी मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी (बीएससी एमएलटी) की कक्षाएं संचालित होंगी। इन छात्र-छात्राओं को एमबीएसएस छात्रों को पढ़ाने वाले संकाय सदस्य पढ़ाएंगे। चार वर्षीय पाठ्यक्रम पूर्ण करने के बाद उक्त छात्र-छात्राएं देश-प्रदेश के संस्थानों में सेवाएं देंगे। ब्यूरो