पौड़ी। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बुधवार को पाबौ ब्लॉक के सैंजी, बुरांसी, जगतेश्वर और नौठा क्षेत्र में 16.18 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना और लोगों को बेहतर आवागमन व शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
विज्ञापन
विकासखंड पाबौ में आयोजित कार्यक्रमों में मंत्री डॉ. रावत ने बुरांसी मुख्य मार्ग से राइंका जगतेश्वर तक 8.21 लाख रुपये की लागत से निर्मित इंटरलॉकिंग टाइल्स कार्य का लोकार्पण किया। साथ ही करीब 9.37 करोड़ के सात किमी नौठा-बुरांसी-कुल्याणी मोटर मार्ग, 96.13 लाख में सैंजी-कुरगड़खाल से ग्वालखड़ा मोटर मार्ग, राइंका जगतेश्वर में 23.80 लाख रुपये की लागत से बनने वाले अतिरिक्त कक्षा कक्ष का शिलान्यास किया। मंत्री ने क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए बुरांसी गांव स्थित पातुल्या पौराणिक मंदिर के स्थल विकास कार्य का भी शिलान्यास किया। इसके अलावा तीन लाख रुपये की लागत से प्राचीन बिंदेश्वर मंदिर के स्थल विकास कार्य की शुरुआत की गई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सैंजी-चौलूसैंण, जीआईसी व चपलौड़ी-फलदाड़ी सड़क से संबंधित इंटरलॉकिंग टाइल्स एवं सड़क सुधारीकरण के कार्य भी शामिल हैं। उन्होंने फलद्वाड़ी, सैंजी, बुरांसी, बड़ैथ और पैलार के महिला मंगल दलों को सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए सामग्री भी वितरित की। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख लता रावत, पूर्व प्रमुख रजनी रावत, विमल सिंह नेगी, विनोद नेगी, नरेंद्र भंडारी आदि मौजूद रहे।