कांग्रेस व युवा कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आरती के विमोचन को भाजपा नेताओं का नैतिक पतन करार दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री से मामले में भाजपा नेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य राजपाल बिष्ट ने कहा कि देश व दुनिया जहां कोरोना महामारी से जूझ रही है, लेकिन ऐसे वक्त में भी भाजपा नेता चाटुकारिता से नहीं बच रहे हैं। कहा कि भाजपा नेताओं द्वारा किसी व्यक्ति (पीएम मोदी) की भगवान से तुलना करना हमारी सनातन संस्कृति के खिलाफ है। युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष आशीष नेगी ने बताया कि प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री व मसूरी विधायक गणेश जोशी ने संकट मोचन हनुमान व माता दुर्गा की आरती की तर्ज पर मोदी आरती का विमोचन किया है। विरोध जताने वालों में एनएसयूआई के पूर्व प्रदेश सचिव मोहित सिंह, जिला सचिव युवा कांग्रेस दीपक नौटियाल, अंकित सुंदरियाल, आकाश रावत, गोपाल नेगी आदि शामिल रहे।