पौड़ी। जिले के सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में ऑनलाइन शिक्षा की अब विभाग निगरानी करेगा। इसके लिए विभाग ने पांच शिक्षकों की एक टीम गठित की है। टीम विद्यालयों में मध्याह्न भोजन, खाद्यान्न वितरण, प्रवेश सहित ऑनलाइन शिक्षा की रिपोर्ट तैयार कर विभाग के अधिकारियों को सौंपेंगे।
शिक्षा विभाग सरकारी स्कूलों में ऑनलाइन शिक्षण कार्य के प्रति सजग हो गया है। जनपद के सरकारी विद्यालयों में ऑनलाइन शिक्षा व्यवस्था की स्थिति पर नजर बनाए रखने के लिए विभाग ने एक टीम गठित की है। जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक कुंवर सिंह रावत ने बताया कि टीम के प्रत्येक शिक्षक को तीन-तीन विकासखंडों की जिम्मेदारी दी गई है। टीम के सदस्य प्रत्येक विकासखंड के पांच-पांच शिक्षकों से ऑनलाइन शिक्षा, विद्यालयों में प्रवेश की स्थिति, मध्याह्न भोजन, खाद्यान्न सामग्री वितरण के बारे में जानकारी जुटाएंगे।