पौड़ी। भारी वर्षा के कारण आई आपदा से विभागीय परिसंपत्तियों एवं जनहानि की क्षति के आकलन के लिए जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने जिला कार्यालय कक्ष में संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने मूलभूत सुविधाओं सड़क, पेयजल व विद्युत आपूर्ति से जुड़े विभागों के अधिकारियों को कहा कि पुनर्स्थापन (रेस्टोरेशन) का कार्य मिशन मोड पर जारी रखा जाए। साथ ही उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में हुई जनहानि व क्षति के आकलन को तीव्र गति से पूरा करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने लोनिवि एवं पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को क्षतिग्रस्त एवं बंद मोटर मार्गों पर यातायात सुचारु करने और प्रत्येक दो घंटे में प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कहा कि सड़कों को खोलने लिए यदि अतिरिक्त मानव या यंत्रबल की आवश्यकता हो तो संसाधनों की व्यवस्था में कोई देरी न की जाए।
जिलाधिकारी ने जल संस्थान के अधिकारियों को आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति को प्राथमिकता के आधार पर सुचारु किया जाए। जल निगम को सभी पंपिंग योजनाओं को युद्धस्तर पर सुचारु करने के निर्देश दिए गए। विद्युत निगम को कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बहाल करने को प्राथमिकता दी जाए।
जिलाधिकारी ने व्यक्तिगत स्तर पर हुई पशु हानि, मकान-गोशाला क्षति आदि के आकलन लिए अपर जिलाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए है। उन्होंने पटवारियों को जमीनी स्तर पर क्षति आकलन के निर्देश दिए हैंँ।
बैठक में एडीएम अनिल गर्ब्याल, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, अधीक्षण अभियंता लोनिवि महिपाल सिंह रावत, जल संस्थान प्रवीण सैनी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी दीपेश काला, ईई लोनिवि विवेक सेमवाल आदि मौजूद रहे।