विकास में पिछड़े यमकेश्वर ब्लाक को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में क्षेत्रीय विधायक ऋतु खंडूडी ने यहां विकास भवन में अधिकारियों की जमकर क्लास ली। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को कार्य करने के एवज में वेतन मिलता है, लिहाजा वे किसी भी प्रकार के दबाव में न आते हुए ईमानदारी से अपना कार्य पूरा करें। काम न करने वाले अधिकारी समय रहते अपना तबादला कहीं और करवा लें।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से लोगों को दिए जाने वाले राशन की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए बैठक में विधायक ने कंकड़ पत्थर वाले चावल अधिकारियों को दिखाए। कहा कि विभाग सही गुणवत्ता का राशन कार्डधारकों को उपलब्ध कराये, साथ ही सस्ता गल्ला विक्रेताओं की दुकानों का भी औचक निरीक्षण करना सुनिश्चित करें।
डांडामंडी-द्वारीखाल, रिंगालपानी मोटरमार्ग की खराब हालत पर चिंता जताते हुए विधायक ने कार्यदायी संस्थाओं लोक निर्माण विभाग, एडीबी तथा पीएमजीएसवाई को सड़कों का सर्वे अभियंताओं से कराने को कहा। उन्होंने कहा कि गैंगमेट सड़कों का सर्वे करते हैं जिसके कारण सड़कों का अलाइनमेंट सहीं नहीं होता।
उन्होंने प्राथमिक विद्यालय उतिंडा में तैनात अध्यापिका हेमलता बलूनी को तत्काल हटाने और जूनियर हाईस्कूल फतेहपुर में बिजली कनेक्शन लगवाने के साथ ही जूनियर हाईस्कूल राजघाट में बालिकाओं के लिए शौचालय एवं पेयजल व्यवस्था कराना सुनिश्चित कराने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर हैंड पंपों से लाल पानी आ रहा है, इसलिए पंपों की मरम्मत तत्काल कराएं और गरमी के मौसम को देखते हुए टैंकरों से भी पेयजल की आपूर्ति करना सुनिश्चित करें। इसके अलावा यमकेश्वर के लिए तत्काल 108 सेवा, दुगड्डा स्वास्थ्य केंद्र में जनरेटर की व्यवस्था करते हुए सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर डाक्टरों की तैनाती भी कराने की बात भी कही।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे, परियोजना निदेशक एसएस शर्मा, अपर परियोजना निदेशक सुनील कुमार, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, अधिशासी अभियंता लोनिवि निर्भय सिंह, सीएमओ डा. मनीश अग्रवाल, जिला समाज कल्याण अधिकारी रतन सिंह रावल समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।