देहरादून-श्रीनगर रोडवेज के बेडे में शामिल हुई नई बस
श्रीनगर। देहरादून से श्रीनगर व इसी दिन श्रीनगर से देहरादून के लिए एक नई रोडवेज बस सेवा शुरू हो गई है जिससे अब श्रीनगर-देहरादून के लिए तीन बस सेवाएं संचालित होने लग गई है। पूर्व में सुबह छह बजे व सुबह सात बजे ही श्रीनगर से देहरादून के लिए बस सेवा संचालित होती थी लेकिन अब रोडवेज के बेड़े में एक नई बस शामिल होने से लोगों को दोपहर ढाई बजे श्रीनगर से देहरादून के लिए जाने की सुविधा मिल गई है।
श्रीनगर रोडवेज डिपो से गढ़वाल मंडल के विभिन्न शहरों के लिए नौ बसों का संचालन हो रहा है। पूर्व में श्रीनगर से देहरादून के लिए केवल दो ही बसों का संचालन होने से लोगों को दिन में रोडवेज की सेवाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा था। देहरादून डिपो से नई बस सेवा शुरू किए जाने से अब लोगों को यह सुविधा मिलने लगी है। देहरादून से श्रीनगर के लिए यह बस सेवा सुबह साढे़ आठ बजे संचालित की जा रही है जिसकी इसी दिन दोपहर ढाई बजे दून के लिए वापसी होगी।
रोडवेज डिपो के प्रभारी अशोक काला ने बताया कि लोगों की ओर से लंबे समय से दिन के समय देहरादून के लिए बस सेवा संचालित करने की मांग की जा रही थी जिसको देखते हुए देहरादून डिपो से नई बस सेवा शुरू की गई है। यह बस दोपहर ढाई बजे देहरादून के लिए संचालित की जा रही है।