कल्जीखाल ब्लाक की क्षेत्र पंचायत की बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों ने ब्लाक में अक्तूबर माह के राशन का वितरण न होने पर आक्रोश जताया। पूर्ति विभाग से राशन का शीघ्र वितरण करने की मांग की गई। बैठक में क्षेत्र में बरसात में क्षतिग्रस्त सड़कों पर अभी तक मरम्मत कार्य न होने, गांवों में बिजली के पोल और तारों की हालत जर्जर होने पर भी असंतोष जताया गया।
क्षेत्र पंचायत प्रमुख महेंद्र राणा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पंचायत प्रतिनधियों ने कहा कि ब्लाक में अक्तूबर माह का खाद्यान्न का वितरण अभी नहीं हो पाया है जिससे लोगों में काफी आक्रोश बना हुआ है। कई उपभोक्ताओं के अभी तक राशन कार्ड भी नहीं बन पाए हैं। जिला पूर्ति अधिकारी डीपी पैन्यूली ने कहा कि ब्लाक में तीन नवंबर से खाद्यान्न का वितरण शुरू कर दिया जाएगा। धारकोट के बीडीसी सदस्य अनूप कंडारी समेत कई प्रतिनिधियों ने कहा कि धारकोट, मलाऊं, तुंदेड़, समेत कई गांवों में बिजली के तार हवा में झूल रहे हैं। बिजली पोल काफी जर्जर बने हैं। दुर्घटनाएं होने का भय बना हुआ है। बिजली के तारों की स्थिति भी जर्जर बनी हुई है। सैलार के प्रधान प्रेम सिंह ने कहा कि ढाडूखाल-मोरली मोटर मार्ग में क्षतिग्रस्त पुस्ते अभी तक ठीक नहीं हो पाए हैं। इस मौके पर ज्येष्ठ उप प्रमुख महेंद्र सिंह, कनिष्ठ प्रमुख दरबान सिंह नेगी, एडीएम बंशीधर तिवारी समेत कई लोग मौजूद थे। संचालन जेपी वर्मा ने किया।