पौड़ी। निकाय चुनाव का शोर थम गया है। अब बुधवार से प्रत्याशी डोर टू डोर संपर्क लोगों से वोट सहजने की जुगत में जुटेंगे। उत्तराखंड में 23 जनवरी को निकाय चुनाव के लिए मतदान होना है। मंगलवार शाम पांच बजे से चुनाव का शोर थम गया है। चुनाव चिह्न मिलने के बाद प्रत्याशियों ने प्रचार के लिए अपनी ताकत झोंक दी थी।
प्रचार वाहन पर झंडा, बैनर, लाउडस्पीकर और डीजे बांधकर गीतों के माध्यम से वोटरों को लुभाने में लगे रहे। यहीं नहीं इंटरनेट मीडिया पर भी प्रत्याशियों का चुनाव प्रचार जारी रहा। समर्थकों ने भी इंटरनेट मीडिया का सहारा लिया। कोई अपने को सबसे कर्मठ और ईमानदार बताकर तो कोई खुद के द्वारा किए गए विकास कार्यों को गिनाकर मतदाताओं से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील करते दिखे।
किसी ने भ्रष्टाचार को तो किसी ने अनेक मुद्दा गिनाकर चुनावी वैतरणी पार करने की जुगत लगाई। लेकिन मतदाता को अब शोर खत्म होने के बाद शांत मन से प्रत्याशियों के बारे में सोचने का मौका मिला है। प्रत्याशी अब शहर में मतदाताओं के घर-घर पहुंचेंगे। वहीं प्रचार के अंतिम दिन पौड़ी में प्रत्याशियों ने वोटरों को अपने पक्ष करने के लिए खूब जोर लगाया।
पौड़ी में पालिका अध्यक्ष पद के लिए चुनाव में उतरे प्रत्याशियों ने रैली व सभा कर जनता तक अपनी बात रखी। वहीं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि राज्य चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशानुसार नगर निकाय चुनाव की 23 जनवरी को मतदान व 25 जनवरी को मतगणना होनी है। उन्होंने कहा कि मतदान के 48 घंटे पूर्व किसी भी प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार, सार्वजनिक सभा व अन्य का आयोजन नहीं किया जाएगा।