एटीएम कार्ड नहीं अब योनो कैश से भी निकाल सकेंगे धनराशि
एसबीआई ने उपभोक्ताओं को दी सुविधा, 20 हजार रुपये प्रतिदिन है लिमिट
एटीएम कार्ड नहीं अब योनो कैश से भी निकाल सकेंगे धनराशि
दीपक कुमार
कर्णप्रयाग। अब एटीएम से पैसे निकालने के लिए एटीएम कार्ड की जरूरत नहीं होगी। एसबीआई (स्टेट बैंक ऑफ इंडिया) ने अपने ग्राहकों के लिए योनो ऐप से कैश निकालने की सुविधा प्रदान की है। इस सुविधा से ग्राहक बिना कार्ड के एटीएम सेंटर में आसानी से कुछ ही सेकेंड में एटीएम से प्रतिदिन 20 हजार रुपये धनराशि निकाल सकेंगे।
एसबीआई के प्रबंधक सचिन खत्री ने बताया कि एसबीआई ने डिजीटल बैंकिंग को बढ़ावा देने के लिए एक नया कदम उठाया है। कई बार बाजार जाते समय लोग एटीएम कार्ड ले जाना भूल जाते हैं और नकद धनराशि नहीं निकाल पाते। ऐसे में एसबीआई ने एटीएम में अपने ग्राहकों को बिना एटीएम के कैश निकालने की सुविधा दी है। उन्होंने बताया कि इसके लिए उपभोक्ता को मोबाइल में एसबीआई योनो एप इंस्टाल करना होगा। एटीएम मशीन में जाकर अपने मोबाइल से योनो कैश के ऑप्शन पर क्लिक करना होगा जिसमें उपभोक्ता को 6 डिजिट का एक पिन जनरेट करना होगा जो योनो कैश ट्रांजिकशन का नंबर होगा। इसकी पुष्टि एसएमएस के माध्यम से हो जाएगी। इसके बाद एटीएम मशीन में योनो कैश ऑप्शन में 6 डिजिट का पिन डालकर कुछ आसान प्रक्रिया के बाद धनराशि निकाली जा सकेगी। संवाद