एनआईटी क्षेत्रीय विकास समिति और जनप्रतिनिधियों ने सुमाड़ी क्षेत्र में स्थायी कैंपस निर्माण की मांग के लिए प्रदेश के उच्च शिक्षा राज्य मंत्री डा. धन सिंह रावत को ज्ञापन भेजा। ग्रामीण मांग को लेकर 12 अगस्त को शिलान्यास स्थल सुमाड़ी में धरना प्रदर्शन करेंगे।
ज्ञापन में उन्होंने कहा कि वर्ष 2009 में एनआईटी उत्तराखंड को मंजूरी मिली। तब तत्कालीन मुख्यमंत्री डा. रमेश पोखरियाल निशंक ने सुमाड़ी में स्थायी परिसर के निर्माण की घोषणा की। परिसर के लिए सुमाड़ी, दांदड़ी, खालू, चमराड़ा, नयालगढ़ व चड़ीगांव के राजस्व गांवों ने 377 एकड़ भूमि दान दी थी लेकिन अभी तक स्थायी परिसर का निर्माण शुरू नहीं हो पाया जबकि एनआईटी का दो बार शिलान्यास हो चुका है। ज्ञापन में समिति के अध्यक्ष इंद्रमोहन काला, सचिव सुरजीत बिष्ट, ज्येष्ठ उप प्रमुख भगवान सिंह रावत, ग्राम प्रधान सुमाड़ी सत्यदेव बहुगुणा, प्रधान चमराड़ा जितेंद्र, प्रधान चड़ीगांव दुर्गा प्रसाद, प्रधान खालू कविता और बीडीसी सदस्य सुमाड़ी जगमोहन सिंह के हस्ताक्षर हैं।