पौड़ी जल संस्थान कार्यालय में मांगों के लिए धरने पर बैठे संविदा कर्मी
- फोटो : amar ujala
विभिन्न मांगों को लेकर जल संस्थान में कार्यरत संविदा पंप आपरेटर संघ की अधिकारियों के साथ वार्ता विफल होने पर संघ ने धरना प्रदर्शन जारी रखने का निर्णय लिया है। कर्मचारी तीसरे दिन भी धरने पर डटे रहे। कहा कि वे लिखित आश्वासन के बाद ही धरना समाप्त करेंगे।
बुधवार को जल संस्थान में कार्यरत संविदा पंप आपरेटर न्यूनतम वेतन, डीए का भुगतान, ईपीएफ काटने के बाद पर्ची न देने, रविवार की सेवा का अतिरिक्त भुगतान करने आदि मांगों को लेकर अधिशासी अभियंता कार्यालय के सामने तीसरे दिन भी धरने पर बैठे रहे। मांगों को लेकर मंगलवार देर रात तक कर्मियों व अधिकारियों के मध्य आयोजित वार्ता विफल होने पर कर्मियों ने धरना प्रदर्शन जारी रखने का निर्णय लिया है।
अध्यक्ष अनिल कंडारी व सचिव देवी प्रसाद नौटियाल ने कहा कि जल संस्थान की ओर से ठेकेदारों को भुगतान किया जा चुका है, लेकिन ठेकेदार कर्मियों को भुगतान करने में आनाकानी कर रहे हैं।
इस कारण कर्मचारियों को करीब दो माह से मानदेय का भुगतान नहीं हो पाया है। उन्होंने मांग की है कि सभी बिचौलिया ठेकेदारों की निविदा/अनुबंध समाप्त कर कर्मियों को विभागीय संविदा कर्मी घोषित किया जाए। साथ ही मांगों को लेकर लिखित आश्वासन दिया जाय। धरना प्रदर्शन करने वालों में मातवर सिंह, महेश पुरी, राकेश भट्ट, दीपक बडोनी, रविंद्र सिंह, अनूप सिंह, मोहन कुमार, विनय प्रकाश, उम्मेद सिंह, मोहन लाल, संजय कुमार, चंद्रमोहन खत्री व सुनील कुमार आदि मौजूद थे।