नामांकन के बाद रामलीला मैदान में जनसभा के दौरान कांग्रेस प्रत्याशियों ने सभी को साथ लेकर विकास का वादा किया।
पौड़ी से पार्टी प्रत्याशी नवल किशोर ने कहा कि वर्ष 2003 में जिस तरह कोट ब्लाक का प्रमुख बनाकर लोगों ने सेवा का मौका दिया था आज पौड़ी विधानसभा क्षेत्र की सेवा करने का अवसर उन्हें दें। उन्होंने वादा किया कि वह सभी को साथ लेकर काम करेंगे।
चौबट्टाखाल से प्रत्याशी राजपाल बिष्ट ने कहा कि वह पिछले पांच साल से लोगों के सुख-दुख के साथी रहे हैं, इसलिए क्षेत्र के लोग उन्हें विजयी बनाएंगे।
पालिकाध्यक्ष यशपाल बेनाम ने कहा कि वह कांग्रेसी थे और हमेशा रहेंगे। हालांकि उन्हें हर बार टिकट से वंचित रहना पड़ा है, लेकिन उन्होंने कांग्रेस को धोखा नहीं दिया। इस बार वह चौबट्टाखाल और पौड़ी में दोनों युवा साथियों को जिताने के लिए काम करेंगे।
ब्लाक प्रमुख कल्जीखाल महेंद्र राणा ने कहा कि वह अपने क्षेत्र से नवल किशोर को अधिक से अधिक वोट दिलाएंगे।
दर्जा मंत्री सरिता नेगी ने कहा कि जिन लोगों ने व्यक्तिगत स्वार्थों की वजह से कांग्रेस छोड़ी है, जनता उन्हें चुनाव में सबक सिखाएगी। इस दौरान कई लोग कांग्रेस में शामिल हुए। संचालन अद्वैत बहुगुणा ने किया। इस मौके पर पूर्व एमएलसी पृथ्वीपाल सिंह, जिलाध्यक्ष कामेश्वर राणा, संगीता रावत व भरत सिंह रावत आदि मौजूद थे।