पौड़ी। राज्य में होने जा रहे 38वें राष्ट्रीय खेलों का शुभंकर मौली व खेल मशाल तेजस्विनी बृहस्पतिवार को जिला मुख्यालय पौड़ी पहुंच गए हैं। जिला क्रीड़ा अधिकारी संदीप डुकलान की अगुवाई में पौड़ी पहुंचे शुभंकर व खेल मशाल का अफसरों व खेल प्रेमियों ने जोरदार स्वागत किया। खेल मशाल व मौली बीते बुधवार को कोटद्वार में प्रवेश किया, जो कि दुगड्डा से होते हुए लैंसडौन व जयहरीखाल पहुंची।
पूर्व तय कार्यक्रम के अनुसार बृहस्पतिवार को शुभंकर व खेल मशाल जयहरीखाल से गुमखाल, सतपुली, मैटाकुंड, पाटीसैण, परसुंडाखाल होते हुए मुख्यालय स्थित कंडोलिया मैदान पहुंचे। इस दौरान एसएसपी लोकेश्वर सिंह व ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ से खेल मशाल का स्वागत किया। डीएसओ डुकलान ने बताया कि शुक्रवार सुबह एजेंसी चौक से बस स्टेशन, कलेक्ट्रेट से होते हुए वापस एजेंसी चौक तक रैली निकलेगी। इसके बाद रांसी स्टेडियम में खेल मशाल के स्वागत में पांडवाज ग्रुप की ओर से भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मशाल व शुभंकर पौड़ी से श्रीनगर प्रस्थान करेगी। इस दौरान सीओ सदर अनुज कुमार, डीओ पीआरडी रविंद्र सिंह फोनिया आदि शामिल रहे।